वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज समापन है
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आज समापन है। मणिपुर से शुरू हुई करीब 6,700 किलोमीटर लंबी यात्रा के आखिरी दिन आज कांग्रेस के कई सहयोगी दलों के नेता भी मौजूद रहेंगे। लोकसभा चुनाव के ऐलान के अगले ही दिन यह कार्यक्रम होने जा रहा है, जिसमें कांग्रेस विपक्षी एकता के साथ दम दिखाना चाहती है।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन, सपा मुखिया अखिलेश यादव, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव भी मौजूद रहेंगे। इनके अलावा महाराष्ट्र के दिग्गज नेता शरद पवार और पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे के भी अपने बेटे आदित्य संग मौजूद रहने की संभावना है। झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन भी इस कार्यक्रम में रहेंगे। यही नहीं दिल्ली से सोनिया गांधी भी इस मौके पर पहुंच रही है।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि इस दौरान वह सहयोगी दलों के नेताओं से भी मुलाकात करेंगी। प्रियंका गांधी शनिवार को ही मुंबई पहुंच गई हैं और कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा ले रही हैं। प्रियंका गांधी ने कहा, 'आज भारत जोड़ो न्याय यात्रा का समापन होना है। हम इस अवसर के लिए बहुत खुश हैं। राहुल गांधी ने यह यात्रा इसलिए की है क्योंकि देश की सच्चाई को समझ सकें। यह पूरी यात्रा जनता को जागरूक करने के लिए है।' भारत जोड़ो न्याय यात्रा पूर्वी भारत से पश्चिम तक के लिए निकाली गई थी।
मणिपुर के इंफाल से 14 जनवरी को इसकी शुरुआत हुई थी। इसके तहत 15 राज्यों के कुल 100 लोकसभा सीटों को कवर किया गया था। इन राज्यों में असम, पश्चिम बंगाल, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र शामिल थे। इससे पहले भी राहुल गांधी ने एक भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी। यह यात्रा कन्याकुमारी से श्रीनगर के लिए निकाली गई थी। यही नहीं इस यात्रा के बाद जब कांग्रेस को कर्नाटक और तेलंगाना के विधानसभा चुनाव में जीत मिली तो पार्टी ने इसे ही क्रेडिट दिया था।